विधानसभा घेराव के दौरान ABVP की महिला कार्यकर्ता बेहोश, पुलिस ने कई को लिया हिरासत में
Ranchi News: रांची की पुरानी विधानसभा के पास ABVP के विधानसभा घेराव के दौरान महिला कार्यकर्ता बेहोश हो गई। हिरासत के विरोध में कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए।
Ranchi:रांची के धुर्वा स्थित पुरानी विधानसभा के पास मंगलवार को विधानसभा घेराव के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ABVP की एक महिला कार्यकर्ता अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर गई। महिला सुरक्षाबलों ने तत्काल भीड़ के बीच से महिला कार्यकर्ता को बाहर निकाला। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ता भी उसकी मदद के लिए आगे आए।
आपको बता दें कि विधानसभा घेराव के लिए पुरानी विधानसभा के पास बड़ी संख्या में ABVP कार्यकर्ता और छात्र जुटे थे। इसी दौरान प्रदर्शन में शामिल एक महिला कार्यकर्ता अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। स्थिति को देखते हुए महिला सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे भीड़ से बाहर निकाला। कुछ देर के लिए प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
विधानसभा घेराव को देखते हुए प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया है। पुलिस और सुरक्षाबलों की ओर से कई ABVP कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर स्थिति को नियंत्रित करना है। हालांकि, हिरासत में लिए जाने का विरोध कर रहे कार्यकर्ता पुलिस बसों को आगे बढ़ने से रोक रहे हैं। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
हिरासत के विरोध में सड़क पर लेटे ABVP कार्यकर्ता
पुलिस कार्रवाई के विरोध में कई ABVP कार्यकर्ता पुरानी विधानसभा के समीप सड़क पर बैठ गए और कुछ कार्यकर्ता सड़क पर लेटकर विरोध करने लगे। प्रदर्शन के कारण जगन्नाथपुर थाना से लेकर पुरानी विधानसभा तक यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने और यातायात सामान्य कराने का प्रयास कर रही है।
लाठीचार्ज के विरोध में आयोजित किया गया था विधानसभा घेराव
ABVP की ओर से यह विधानसभा घेराव कार्यक्रम पूर्व में हुए लाठीचार्ज के विरोध में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता रांची पहुंचे हैं।
प्रदर्शनकारियों को पुरानी विधानसभा की ओर आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुरानी विधानसभा के आसपास भारी पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए पुरानी विधानसभा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल प्रशासन प्रदर्शनकारियों को समझाने, उन्हें निर्धारित क्षेत्र से हटाने और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहा है। वहीं, ABVP कार्यकर्ता हिरासत की कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।
ये भी पढ़ें: Ranchi: आंदोलन से वापस लौटने वाले छात्रों को पहुंचाएगी रांची जिला प्रशासन, जारी किए ड्राइवरों के मोबाइल नंबर