SBI Bank Holiday: अगर आपका भी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में खाता है और आपको ब्रांच जाकर कोई जरूरी काम निपटाना है, तो आपके पास आज (22 मई, शुक्रवार) का ही समय है। कल यानी 23 मई से लेकर 28 मई 2026 तक देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI में लगातार 6 दिनों तक कामकाज ठप रह सकता है।
इस लंबी बंदी की मुख्य वजह वीकेंड (Weekend), बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल और बकरीद (ईद-उल-अजहा) का त्योहार है। हालांकि, इस दौरान एटीएम (ATM), नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी।
SBI Bank Holiday List: जानिए 23 से 28 मई तक क्यों बंद रहेंगे बैंक?
23 मई से 28 मई के बीच अलग-अलग वजहों से बैंकों में छुट्टियां रहने वाली हैं। आइए जानते हैं किस दिन क्या कारण है:
- 23 मई (चौथा शनिवार): नियम के मुताबिक, हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंकों में आधिकारिक छुट्टी होती है।
- 24 मई (रविवार): साप्ताहिक अवकाश के कारण देशभर के सभी बैंक बंद रहेंगे।
- 25 मई (सोमवार) – प्रस्तावित हड़ताल: ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने दो दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
- 26 मई (मंगलवार) – प्रस्तावित हड़ताल: कर्मचारियों की हड़ताल का दूसरा दिन, जिससे ब्रांचों में काम पूरी तरह प्रभावित रहेगा।
- 27 मई (बुधवार) – बकरीद की छुट्टी: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के कैलेंडर के अनुसार, देश के अधिकांश हिस्सों में बकरीद के मौके पर बैंक बंद रहेंगे। जम्मू-कश्मीर में भी इस दिन छुट्टी रहेगी।
- 28 मई (गुरुवार) – बकरीद की छुट्टी: देश के कुछ चुनिंदा हिस्सों और जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में इस दिन भी बकरीद की छुट्टी के चलते बैंक बंद रहेंगे।
क्यों हड़ताल पर जा रहे हैं SBI कर्मचारी?
ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने प्रबंधन के सामने अपनी 16 सूत्री मांगें रखी हैं। फेडरेशन का कहना है कि यह हड़ताल कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, कार्यस्थल पर बेहतर माहौल तैयार करने और अप्रत्यक्ष रूप से ग्राहकों के हितों की सुरक्षा के लिए बुलाई गई है।
हड़ताल का आम ग्राहकों पर क्या असर होगा?
चूंकि यह हड़ताल ‘वर्कमेन कैटेगरी’ (Workmen Category) यानी क्लर्क, कैशियर और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों द्वारा बुलाई गई है, इसलिए सीधे तौर पर नीचे दिए गए काम प्रभावित होंगे:
- चेक क्लियरिंग (Check Clearing) का काम रुक सकता है।
- कैश काउंटर (Cash Deposit/Withdrawal) पर लेनदेन प्रभावित होगा।
- पासबुक अपडेट (Passbook Update) और नए खाते खोलने जैसे काम ठप रह सकते हैं।
SBI कर्मचारियों की प्रमुख मांगें क्या हैं?
कर्मचारियों ने बैंक प्रबंधन के सामने मांगें रखी हैं, जिन पर सहमति न बनने के कारण हड़ताल का फैसला लिया गया है। आइए जानते हैं कर्मचारियों की मांगों को:
1. नई भर्तियां और सुरक्षा
- मेसेंजर्स की स्थाई भर्ती: चतुर्थ श्रेणी (Messengers) के खाली पड़े पदों पर तुरंत स्थाई नियुक्तियां की जाएं।
- सशस्त्र गार्डों (Armed Guards) की तैनाती: बैंक शाखाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त मात्रा में आर्म्ड गार्ड्स बहाल किए जाएं।
- पर्याप्त स्टाफ: काम के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए सभी ब्रांचों में पर्याप्त स्टाफ दिया जाए।
2. ट्रांसफर, पेंशन और NPS नीतियां
- इंटर सर्कल ट्रांसफर (ICT): साल 2019 के बाद भर्ती हुए कर्मचारियों को दूसरे सर्कल में ट्रांसफर का विकल्प मिले।
- NPS में आजादी: नेशनल पेंशन सिस्टम के तहत कर्मचारियों को अपना ‘पेंशन फंड मैनेजर’ चुनने की छूट दी जाए।
- रिटायर्ड कर्मियों को लाभ: 10वें द्विपक्षीय समझौते के तहत रिटायर हुए कर्मचारियों को ‘8वें स्टैग्नेशन इंक्रीमेंट’ का लाभ मिले।
- पेंशन में भत्ते जोड़ना: 7वें द्विपक्षीय समझौते के तहत रिटायर हुए लोगों की पेंशन गणना में वेतन के सभी कंपोनेंट्स (भत्ते) शामिल हों।
3. काम का माहौल और अन्य मांगें
- आउटसोर्सिंग पर रोक: नियमित और स्थाई प्रकृति के कार्यों को बाहरी एजेंसियों (Outsourcing) को देना बंद किया जाए।
- मिस-सेलिंग (Mis-selling) पर लगाम: कर्मचारियों पर ‘क्रॉस-सेलिंग’ के नाम पर दबाव बनाकर ग्राहकों को गलत इंश्योरेंस या म्यूचुअल फंड बेचना बंद हो।
- समानता का मुद्दा: कर्मचारियों के बीच वेतन और अन्य सुविधाओं में आ रही असमानताओं को दूर किया जाए।
- करियर प्रोग्रेशन स्कीम: प्रमोशन और करियर ग्रोथ से जुड़ी मौजूदा नीतियों में सुधार किया जाए।
- HRMS दिक्कतों का समाधान: बैंक के एचआर सॉफ्टवेयर (HRMS) की तकनीकी कमियों को स्थाई रूप से ठीक किया जाए।
- अन्य मांगें: फिजिशियन कंसल्टेशन चार्ज (15 जुलाई 2024 से लागू) की समीक्षा, मेडिकल स्कीम का सरलीकरण, बैंक बोर्ड में कर्मचारी निदेशक की नियुक्ति की परंपरा की बहाली और PF ट्रस्टी का नामांकन।
यदि आपको ड्राफ्ट बनवाना है, चेक क्लियर कराना है या भारी मात्रा में कैश निकालना/जमा करना है, तो आज ही अपनी नजदीकी SBI शाखा में पहुंचें। 23 मई से शुरू हो रही इस संभावित बंदी के दौरान किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए YONO App, इंटरनेट बैंकिंग और UPI का इस्तेमाल करें।









