Sahebganj: साहिबगंज जिले में राजमहल-उधवा निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा घटी। हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा राजमहल थाना क्षेत्र के जामनगर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने सामने से आ रहे टोटो को जोरदार टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के मुताबिक सभी लोग एक पारिवारिक समारोह से टोटो में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे यात्री अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल राजमहल पहुंचाया गया।
कई लोग गंभीर रुप से घायल
डॉक्टरों ने अयसुदीन शेख और नूर बाहार बीबी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। बाद में इलाज के दौरान एक अन्य घायल की भी मौत हो गई।
मृतकों के परिवार में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













