Dhanbad: बाघमारा अनुमंडल पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण शुक्रवार को सिजुआ स्थित कार्यालय परिसर में संपन्न हुआ। निरीक्षण के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार पहुंचे, जहां कार्यालय परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने बाघमारा अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी थानों एवं ओपी की विभिन्न फाइलों और दस्तावेजों की घंटों गहन जांच की। उन्होंने मुख्य रूप से अभिलेखों के रखरखाव, दस्तावेजों के संधारण, लंबित कांडों की वर्तमान स्थिति तथा मामलों के त्वरित निष्पादन की समीक्षा की।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि यह बाघमारा अनुमंडल के सभी थानों और ओपी के रिकॉर्ड, लंबित मामलों और कार्यप्रणाली का वार्षिक निरीक्षण था। समीक्षा के उपरांत संबंधित अधिकारियों को लंबित कांडों का जल्द से जल्द निष्पादन करने और पुलिस रिकॉर्ड को पूर्णतः व्यवस्थित रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल सहित अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानों एवं ओपी के प्रभारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।









