Koderma: कोडरमा जिले में सतगावां के राज्य संपोषित +2 उच्च विद्यालय बासोडीह में शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से नाराज करीब 1000 छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय तक पैदल मार्च कर विरोध जताया। छात्रों ने स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था और भवन की स्थिति में सुधार की मांग की।
2540 विद्यार्थियों के लिए फिलहाल केवल 10 शिक्षक
विद्यालय में 2540 विद्यार्थियों के लिए फिलहाल केवल 10 शिक्षक हैं। जानकारी के अनुसार, स्कूल में 18 शिक्षक पदस्थापित थे, लेकिन इनमें से आठ को अन्यत्र भेज दिया गया है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
छात्रों ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में अब करीब चार महीने का समय बचा है। ऐसे में विज्ञान, गणित, अंग्रेजी और इतिहास जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं होने से उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है।
कई कक्षाओं की छत से पानी टपकता है
प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल की बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि कई कक्षाओं की छत से पानी टपकता है। कक्षाओं में एक बेंच पर आठ-आठ विद्यार्थियों को बैठना पड़ता है। स्कूल तक पहुंचने वाले रास्ते में गंदा पानी जमा रहने की समस्या भी बताई गई।
मौके पर पहुंचे बीडीओ और डीईओ ने छात्रों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी इससे संतुष्ट नहीं हुए। छात्रों ने मांग रखी कि कोडरमा उपायुक्त स्वयं मौके पर आकर समस्याओं के समाधान का ठोस भरोसा दें। छात्रों ने कहा है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.












