West Bengal: जामुड़िया थाना क्षेत्र के आखलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। उपचार में घोर लापरवाही के कारण एक आदिवासी महिला की मौत का आरोप लगाते हुए मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र में जमकर हंगामा और घेराव किया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मृतका की पहचान बुधनी हेम्ब्रम के रूप में हुई है। वह जामुड़िया के दामोदरपुर छाताडांगा आदिवासी पाड़ा की रहने वाली थी।
जाने क्या है पूरा मामला?
मृतका के परिजनों के अनुसार, आज सुबह करीब 8 बजे बुधनी को अचानक सीने और कमर में असहनीय दर्द उठा। आनन-फानन में परिजन उसे टोटो पर लादकर आखलपुर स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि जब वे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो वहाँ डॉक्टर मौजूद नहीं थे। ड्यूटी पर मौजूद नर्सों ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए भी डॉक्टर को बुलाना जरूरी नहीं समझा। परिजनों का कहना है कि नर्सों ने खुद ही दर्द का एक इंजेक्शन लगा दिया।
परिजनों का दावा है कि इंजेक्शन लगते ही मरीज की हालत और बिगड़ गई और दर्द पहले से और ज्यादा बढ़ गया। यह देखकर परिजन घबरा गए और बार-बार डॉक्टर को बुलाने की गुहार लगाने लगे।
आरोप है कि हर बार उन्हें यही जवाब मिला कि “डॉक्टर साहब ओपीडी में व्यस्त हैं, अभी नहीं आ सकते।” इसी इंतजार में करीब आधे घंटे से ज्यादा समय बीत गया और आखिरकार महिला ने दम तोड़ दिया।
परिजनों का फूटा गुस्सा
मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने नर्सों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि अगर समय पर डॉक्टर आकर इलाज करते तो बुधनी की जान बच सकती थी।
घटना की जानकारी मिलते ही दामोदरपुर आदिवासी पाड़ा से बड़ी संख्या में ग्रामीण भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गए। परिजनों ने दोषी स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मौके पर पहुंची
स्वास्थ्य केंद्र में हंगामे की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी या स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









