Ranchi: राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित रांची ट्रिपल आईटी के छात्रावास में छात्र आदित्य की मौत के बाद विद्यार्थियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के विरोध में छात्र-छात्राएं रविवार रातभर धरने पर बैठे रहे। सोमवार को भी उनका आंदोलन जारी रहा। विद्यार्थियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और संस्थान के निदेशक को हटाने तथा उनके इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संस्थान के चेयरमैन से भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर समस्याएं सुनने और समाधान को लेकर स्पष्ट जवाब देने की मांग की है।
आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल
विद्यार्थियों ने संस्थान में स्वास्थ्य सुविधाओं और छात्रावास की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस और ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। छात्रों के मुताबिक, आदित्य को अस्पताल पहुंचाने के लिए दूसरे वर्ष के विद्यार्थियों को खुद एंबुलेंस चलानी पड़ी। उन्होंने सवाल उठाया कि आपात स्थिति में संस्थान की ओर से समय पर आवश्यक सहायता क्यों नहीं मिली।
Read More- कोडरमा यौन शोषण मामले में आरोपी सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार की तबियत अचानक बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
खानपान और सुरक्षा व्यवस्था से भी नाराजगी
छात्रों ने कैंटीन में खानपान की व्यवस्था को असंतोषजनक बताते हुए कहा कि फीस के रूप में मोटी रकम लेने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। छात्रावास की सुरक्षा पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनका आरोप है कि परिसर में सीसीटीवी कैमरों और निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
Read More- कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार हिरासत में, नाबालिग से यौन शोषण का आरोप
आंदोलन में छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने खेलगांव चौक जाम करने की भी चेतावनी दी है।
इधर, पुलिस के अनुसार, आदित्य की मौत के मामले की जांच की जा रही है। वह बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया का निवासी था। फिलहाल, मौत के कारणों और छात्रों के आरोपों के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









