National News: जिस शादी को जिंदगी भर का साथ निभाने की शुरुआत माना जाता है, वह अगर महज 24 घंटे में खत्म हो जाए, तो यह न सिर्फ हैरान करता है बल्कि समाज को सोचने पर भी मजबूर करता है। महाराष्ट्र के पुणे में ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक डॉक्टर दंपती ने शादी के सिर्फ एक दिन बाद आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला कर लिया।
दो से तीन साल तक एक-दूसरे को जानने, समझने और साथ भविष्य के सपने देखने के बाद दोनों ने प्रेम विवाह किया था। परिवारों की सहमति से शादी हुई, रस्में निभीं और नई शुरुआत की बधाइयां मिलीं। लेकिन जैसे ही शादी के बाद असली जिंदगी की बातचीत शुरू हुई, रिश्ते की नींव दरकने लगी।
हनीमून से पहले ही हकीकत से सामना
महिला पेशे से डॉक्टर है और एक स्थिर जीवन की उम्मीद रखती थी। वहीं पति एक इंजीनियर है, जो जहाज पर काम करता है। शादी के तुरंत बाद पति ने स्पष्ट किया कि उसकी नौकरी की प्रकृति पूरी तरह अनिश्चित है- कहां पोस्टिंग होगी, कितने महीनों तक समुद्र में रहना पड़ेगा और घर पर कितना समय मिल पाएगा, इसका कोई तय जवाब नहीं। यही अनिश्चितता जल्द ही विवाद की वजह बन गई।
Read more- Dhanbad News: चोरी हुआ नवजात सुरक्षित, पुलिस की गिरफ्त में आधा दर्जन संदिग्ध
जिस मुद्दे पर पहले शायद ध्यान नहीं दिया गया था, वही शादी के बाद सबसे बड़ा सवाल बनकर सामने आ गया- रहेंगे कहां और साथ कितना समय बिताएंगे? इस पर दोनों की सोच बिल्कुल अलग थी और सहमति बनना मुश्किल हो गया।
बिना ड्रामा, बिना आरोप… सीधा फैसला
मामले की पैरवी करने वाली एडवोकेट रानी सोनावणे के मुताबिक, दोनों के बीच वैचारिक मतभेद इतने गहरे थे कि उन्होंने टकराव की बजाय समझदारी चुनी। न कोई झगड़ा, न आरोप-प्रत्यारोप और न ही हिंसा का कोई मामला। दोनों ने शांत दिमाग से बैठकर बात की और आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया।
कोर्ट भी रह गया हैरान
भारत में तलाक के मामले अक्सर सालों तक अदालतों में चलते हैं, लेकिन यह मामला अलग था। शादी के अगले ही दिन दोनों अलग रहने लगे और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत तलाक की प्रक्रिया बेहद तेजी से पूरी हो गई। इतनी जल्दी किसी शादी का टूटना अदालत के लिए भी असामान्य रहा।
एडवोकेट ने हैरानी जताई कि दो से तीन साल के रिश्ते के दौरान इतनी अहम बात- नौकरी और रहने की अनिश्चितता- पर गंभीर चर्चा क्यों नहीं हुई। हालांकि, दोनों ने यह स्वीकार किया कि भावनात्मक और व्यावहारिक असहमति के साथ आगे बढ़ना भविष्य में और मुश्किलें पैदा कर सकता था।
रिश्तों पर एक बड़ा सवाल
पुणे का यह मामला सिर्फ एक टूटती शादी की कहानी नहीं है, बल्कि यह आज के रिश्तों में संवाद, स्पष्टता की जरूरत को उजागर करता है। यह घटना बताती है कि प्यार के साथ-साथ जिंदगी की सच्चाइयों पर खुलकर बात करना भी उतना ही जरूरी है-वरना सात फेरे भी महज 24 घंटे में टूट सकते हैं।













