Koderma: भारतीय सेना के पर्वतारोही और सैनिक स्कूल तिलैया के पूर्व छात्र ले. कर्नल जय प्रकाश कुमार ने एक और उपलब्धि अपने नाम की है। उनके नेतृत्व में भारतीय सेना के 30 सदस्यीय पर्वतारोहण दल ने उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय क्षेत्र में 6512 मीटर ऊंची माउंट भागीरथी चोटी पर तिरंगा फहराया। 22 सितंबर को दल के 28 सदस्य चोटी तक पहुंचे और अभियान पूरा किया।
24 अगस्त को गंगोत्री में बेस कैंप से हुई शुरुआत
यह अभियान वर्ष 2027 में प्रस्तावित एवरेस्ट मैसिफ अभियान की तैयारियों का हिस्सा था। सेना के दल का शुरुआती लक्ष्य 7075 मीटर ऊंची माउंट सतोपंथ चोटी को फतह करना था। लेकिन खराब मौसम, भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चेतावनी के बीच सतोपंथ अभियान को स्थगित कर भागीरथी की ओर बढ़ने का निर्णय लिया गया।
दस घंटे की कड़ी मेहनत के बाद तिरंगा फतह किया
दल ने 24 अगस्त को गंगोत्री में बेस कैंप बनाया। इसके बाद गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में पांच कैंप स्थापित किए गए। अभियान के दौरान गंगोत्री, चतुरंगी और सुंदर बामक हिमखंडों को पार करना पड़ा। वासुकीताल में करीब 16 हजार फीट की ऊंचाई पर मुख्य कैंप बनाया गया और पहाड़ पर लगभग 2000 मीटर रस्सी स्थापित की गई।
21 सितंबर को अंतिम कैंप लगाया गया। 22 सितंबर की रात करीब दो बजे अंतिम चढ़ाई शुरू हुई। लगभग 1200 मीटर की खड़ी और संकरी चढ़ाई में तेज हवा, कड़ाके की ठंड, बर्फीली दरार और पत्थर गिरने जैसी चुनौतियां सामने आईं। करीब दस घंटे बाद दोपहर 12 बजे 28 सदस्य चोटी पर पहुंचे।
2005 से सेना में सेवा दे रहे हैं ले. कर्नल जय प्रकाश कुमार
बोकारो निवासी ले. कर्नल जय प्रकाश कुमार वर्ष 2005 से सेना में सेवा दे रहे हैं। उन्होंने 2009 में पर्वतारोहण शुरू किया था और अब तक 55 से अधिक चोटियों पर अभियान कर चुके हैं। वह 2019 में माउंट एवरेस्ट और 2024 में माउंट किलिमंजारो भी फतह कर चुके हैं।
उन्हें पर्वतारोहण और खोज अभियानों में योगदान के लिए कई बार सम्मानित किया गया है। वर्ष 2021 में उन्हें सेना मेडल और राष्ट्रपति द्वारा तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2020 से सम्मानित किया गया।
अब ले. कर्नल जय प्रकाश प्रस्तावित एवरेस्ट मैसिफ अभियान 2027 का नेतृत्व करेंगे। इस अभियान में माउंट एवरेस्ट, ल्होत्से और नुप्तसे चोटियों पर अभियान की तैयारी की जा रही है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









