Latehar: लातेहार जिले में आदिवासी महिला के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कार्रवाई की है। एसपी ने बरियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास और सिपाही मनीष राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है। मामले की जांच के लिए बालूमाथ एसडीपीओ और महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की गई है।
अफीम तस्करी के शक में महिला के साथ मारपीट
यह मामला हेरहंज थाना क्षेत्र के मेलम गांव की रहने वाली मुनिया देवी से जुड़ा है। महिला ने आरोप लगाया है कि 6 अक्टूबर को जब वह बकरी चरा रही थीं, तभी सादे कपड़ों में पहुंचे बरियातू थाना के पुलिसकर्मियों ने उन्हें अफीम कारोबार से जुड़ा बताते हुए मारपीट की।
मुनिया देवी के अनुसार, विरोध करने पर पुलिसकर्मी उन्हें थाने ले गए, जहां उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी में रास्ते में पिटाई और जातिसूचक गालियां देने के आरोप भी लगाए गए हैं। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
घटना के बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण लातेहार एसपी कार्यालय पहुंचे और मामले की शिकायत करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की अपील की थी।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कार्रवाई तेज
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लेते हुए लातेहार पुलिस को तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का निर्णय लिया।
दूसरी ओर, पुलिस की ओर से यह भी बताया गया है कि महिला को अफीम कारोबार से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। घटनाक्रम के दौरान महिला द्वारा एक पुलिसकर्मी को दांत काटने की बात भी सामने आई है। अब जांच कमेटी दोनों पक्षों के आरोपों और घटनाक्रम की पड़ताल करेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









