नई दिल्ली: दिल्ली में 12 अक्टूबर को प्रस्तावित बड़े विरोध प्रदर्शन से पहले कांग्रेस ने अपने राज्य संगठनों को अधिकतम संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने का निर्देश दिया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी एक जरूरी संदेश में AICC महासचिवों, प्रभारियों और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों से दिल्ली में नेताओं की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
संदेश में कहा गया है कि सभी संबंधित नेता 11 अक्टूबर की रात या 12 अक्टूबर की सुबह तक दिल्ली पहुंचें। साथ ही राज्यों के सभी सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और वरिष्ठ नेताओं की अनिवार्य मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस ने राज्य इकाइयों से अधिकतम संभव जुटान करने को भी कहा है। इसके लिए प्रत्येक राज्य से आने वाले MLA और MLC की संख्या तथा कुल जुटान का आंकड़ा पार्टी को व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजने को कहा गया है।
यह निर्देश ऐसे समय आया है जब कांग्रेस और INDIA ब्लॉक की ओर से चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठा रहे हैं।
10 अक्टूबर को भी दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती और प्रदर्शनकारियों की हिरासत को लेकर राजनीतिक विवाद देखने को मिला। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दिल्ली में लगाए गए सुरक्षा प्रतिबंधों की आलोचना की है।
अब 12 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्यों से नेताओं और कार्यकर्ताओं की संख्या जुटाने के निर्देश को इसी व्यापक लामबंदी की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









