नई दिल्ली : Rekha Gupta ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की अपील के बाद बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। गुरुवार को मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई अहम बैठक में कई ऐसे फैसले लिए गए, जिनका असर सीधे सरकारी कामकाज और राजधानी की लाइफस्टाइल पर पड़ने वाला है।
बैठक के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने संकेत दिए कि दिल्ली में अब सरकारी सिस्टम को “कम खर्च और ज्यादा अनुशासन” वाले मॉडल पर ले जाया जाएगा। सबसे ज्यादा चर्चा सरकारी दफ्तरों में Work From Home व्यवस्था और मंत्रियों-अधिकारियों के खर्च में कटौती को लेकर हो रही है।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने अधिकारियों और मंत्रियों के लिए पेट्रोल उपयोग की सीमा घटाने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया है। इतना ही नहीं, आने वाले महीनों में सरकारी बैठकों का तरीका भी पूरी तरह बदल सकता है।
सरकार ने अगले कुछ महीनों तक बड़े सरकारी आयोजनों पर भी ब्रेक लगाने का फैसला किया है। वहीं, दिल्ली सरकार के दफ्तरों में ऊर्जा बचत को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि राजधानी में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके जरिए लोगों को निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करने और सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सरकार के इन फैसलों को पीएम मोदी की उस अपील से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें संसाधनों की बचत, स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल और खर्च में कटौती पर जोर दिया गया था।









