रांची: Jharkhand सरकार ने राज्य को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार को राज्यव्यापी जागरूकता अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड मंत्रालय परिसर से प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया। इन वाहनों के माध्यम से लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशीले एवं प्रतिबंधित मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य पर गंभीर नकारात्मक असर डालता है और यह परिवार, समाज तथा राज्य की प्रगति के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और इसके खिलाफ व्यापक अभियान चलाए जा रहे हैं।
“नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार को संकट में डाल देता है”
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि नशे की लत किसी भी व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक जीवन को पूरी तरह प्रभावित कर देती है। इससे केवल नशा करने वाला व्यक्ति ही नहीं बल्कि उसका पूरा परिवार और समाज भी संकट में आ जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ-साथ समाज की भागीदारी भी इस लड़ाई में बेहद जरूरी है।
युवाओं को नशे से बचाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से पूरे राज्य में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
उन्होंने राज्यवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









