Jamshedpu: शहर के परसुडीह स्थित एक प्रतिष्ठित कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। यहां 12वीं विज्ञान संकाय का एक छात्र कथित तौर पर देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लेकर क्लासरूम में पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने जांच कर कार्रवाई करते हुए तीन छात्रों को संस्थान से निष्कासित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 19 जून की बताई जा रही है। छात्र अपने बैग में देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लेकर कॉलेज पहुंचा था। कक्षा के दौरान उसने अपने कुछ साथियों को हथियार दिखाया। इसी दौरान मौजूद एक अन्य छात्र ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
शुरुआत में कॉलेज प्रबंधन ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया था। हालांकि वायरल वीडियो सामने आने और आंतरिक जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि वीडियो में दिखाई दे रहे छात्र उसी कॉलेज के हैं और घटना वास्तविक है।
कॉलेज के प्राचार्य एस.सी. महतो ने बताया कि जांच के दौरान संबंधित छात्र से पूछताछ की गई। छात्र ने स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले हुए आपसी विवाद और मारपीट के बाद वह कॉलेज में अपना प्रभाव और दबदबा दिखाने के उद्देश्य से हथियार लेकर आया था।
पूछताछ में छात्र ने यह भी बताया कि उसे देसी कट्टा उसके इलाके के एक परिचित युवक ने उपलब्ध कराया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने हथियार लाने वाले छात्र समेत वीडियो बनाने और मामले से जुड़े कुल तीन छात्रों को संस्थान से निष्कासित कर दिया है।
कॉलेज परिसर में हथियार पहुंचने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों के बीच बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल मामले को लेकर आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









