पटना। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल (यू) के नेता नीतीश कुमार ने आज सुबह करीब 11:15 बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। नीतीश कुमार ने भाजपा का समर्थन पत्र सौंपकर नई सरकार बनाने का दावा भी पेश किया। आज शाम नई सरकार के शपथ लेने की संभावना है। राजभवन जाने से पहले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी सांसदों और विधायकों के साथ बैठक की। बैठक में नीतीश कुमार ने अपने फैसले की जानकारी दी।
ऐसे संकेत मिले हैं कि जदयू खेमे से तीन और भाजपा के तीन विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हो सकते हैं। राजभवन से बाहर आने पर नीतीश कुमार ने पत्रकारों को अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज हमने इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल से मौजूदा सरकार को समाप्त करने को कहा है।

महागठबंधन को लेकर नीतीश कुमार ने कही ये बात
महागठबंधन पर बरसते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि नया गठबंधन जो डेढ़ साल से था, उस पार्टी के लोग दावा कर रहे थे कि सारी मेहनत वही लोग कर रहे हैं। ये बात गलत थी आज हम अलग हो गए हैं। पहले का गठबंधन छोड़कर नया गठबंधन बनाएंगे. नीतीश कुमार ने कहा है कि चारों तरफ से राय आ रही थी। इसी को हमने सुन लिया। अब नये गठबंधन में शामिल होंगे। लोगों को तकलीफ थी, हमने बोलना छोड़ दिया।
नीतीश कुमार ने 537 दिन बाद आज 28 जनवरी को एक बार फिर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। उन्होंने पिछली बार नौ अगस्त 2022 को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा था। इसके बाद राजद-कांग्रेस गठबंधन के साथ मिलकर महागठबंधन सरकार बनाई थी।