खूंटी। अनुसूचित जनजातियों के लिए सुरक्षित 11 खूंटी संसदीय सीट से भाजपा के प्रत्याशी अर्जुन मुंडा और कांग्रेस के उम्मीदवार कालीचरण मुंडा ने जिला निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष पद्मभूषण कड़िया मुंडा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरंाडी और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष व पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो के साथ जिला निर्वाची कार्यालय पहुंचे और नामांकन पत्र दाखिल किया।
इसके पूर्व अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा ने माता सोनमेर मंदिर और बाबा आम्रेश्वर धाम में पूजा-अर्चना की और जीत का आाशीर्वाद मांगा। नामांकन के दौरान खूंटी, तोरपा, माड़, अड़की, सरायकेला, खरसावां, सिमडेगा, गुमला सहित विभिन्न क्षेत्रों के हजारों भाजपा और आजसू कार्यकर्ताओं का हुजूम उमउ़ पड़ा था। नामांकन कें बाद अर्जुन मुंडा ने मीरा मुंडा, बाबूलाल मरांडी, विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा और सुदेश महतो के साथ कख्हरी मैदान से पतरा मैदान तक रोड शॉ किया, जिसमें भारी संख्या में भाजपा समर्थ्रकों ने भाग लिया।
भारत का मस्तक ऊंचा रखना है, देश में नरेंद्र मोदी जैसा तपस्वी प्रधानमंत्री : राजनाथ सिंह
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अंतरराट्रीय मंच पर भारत का मस्तक ऊंचा रखना है तो हमें नरेंद्र मोदी जैसे तपस्वी पुरुष को फिर से प्रधाानमंत्री बनाना है, जिन्होंने देश के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों का प्रतिफल ही है कि आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की साख बढ़ी है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे अपना परिवार बनाने के लिए राजनीति करते हैं जबकि हम देश व समाज बनाने के लिए राजनीति कर रहे हैं। हमेशा से हिंदू मुस्लिम के नाम पर बटवारा करने वाले कांग्रेसियों ने देश की सामाजिक समरसता को तार तार करने का काम किया। वे लोगों में भय पैदा कर वोट हासिल करना चाहते हैं, जबकि हम लोगों की सेवा कर उनका वोट प्राप्त करते हैं।
उन्होंने विपक्ष पर भ्रष्टाचार में लिप्त रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में भाजपा के तीन मुख्यमंत्री बने। हमारे तीनों मुख्यमंत्री के दामन पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा वहीं यहां के पूर्व सीएम तो डेढ़ दिन तक गायब रहे, जो मैंने अपने राजनीतिक जीवन में पहली बार देखा। उन्होंने कहा कि विपक्षी हमेशा से जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम करते हैं जबकि हम जनता की आंखों में आंखें डालकर राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को पहली बार इस सरकार ने सम्मान देने का काम किया है। साथ ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान देने के साथ ही ऊपर उठाने का काम बीजेपी कर रही है। उन्होंने लोगों से इस बार अर्जुन मुंडा को तीन लाख से अधिक मतों से विजयी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि अगर अर्जुन मुंडा इतने मतों से विजयी होते हैं तो खूंटी की जनता का अभिवादन करने मैं खुद यहां आऊंगा।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 400 पार का नारा दिया है ,हमें उसे हकीकत में बदलना है। उन्होंने कहा कि खूंटी की पूरी जनता भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी है और खूंटी की जीत भगवान बिरसा मुंडा को नमन करने के लिए होगा। उन्होंने कहा कि यह नामांकन खूंटी को विकसित बनाने के लिए है। यह नामांकन खूंटी के जनमानस के आकांक्षाओं के लिए है । यह नामांकन भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का खूंटी बनाने के लिए है। यह नामांकन मेरे आदिवासी भाइयों-बहनों को प्रथम पंक्ति में लाने के लिए है । यह नामांकन खूंटी के महिलाओं के सम्मान के लिए है । यह नामांकन मेरे युवा भाइयों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए है।
यह चुनाव पंचायत का चुनाव नहीं है, यह चुनाव देश का चुनाव है : सुदेश महतो
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि यह चुनाव पंचायत का चुनाव नहीं है, यह चुनाव देश का चुनाव है। इस चुनाव से हम देश के नेता का चयन करेंगे। आदरणीय प्रधानमंत्री जैसे लोकप्रिय नेता का हमें फिर से चयन करना है। वहीं खूंटी से हमें मुंडा जी को चुनकर भेजना है, जो मोदी जी के साथ काम करेंगे, उन्हें रिकॉर्ड मतों से हमें जिताना है।
आप सांसद नहीं चुन रहे हैं बल्कि एक मंत्री चुन रहे हैं : बाबूलाल मरांडी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में झारखंड में 14 में 14 सीटें जीतने का काम करना है। आज विपक्ष के बारे में आप सभी लोगों को पता है, इनलोगों ने लूट मचा रखी है। बालू -पत्थरों की लूट मचा रखी है। दूसरी ओर हमारे प्रधानमंत्री विकसित भारत के निर्माण की बात करते हैं तो विपक्ष के लोग अपने परिवार के विकास की बात करते हैं। खूंटी की जनता अर्जुन मुंडा को जिताकर फिर से कमल खिलाने का काम करेगी।