कोडरमा। भगवान राम की भक्ति, जय श्रीराम के नारे और शौर्य का प्रदर्शन, कुछ ऐसा ही विहंगम दृश्य रविवार को कोडरमा जिले की सड़कों पर दिखा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव का महापर्व रामनवमी की शान से पूरा जिला जय श्री राम के जयकारे से गूंज उठा।
रामनवमी के भजनों से एक एक गली और चौक चौराहे गूंज रहा था। डंके की आवाज राम भक्तों का जोश बढ़ा रहा था। तो दूसरी तरफ बड़े बड़े महावीरी ध्वज थामे भक्तों की भीड़ जय श्री राम के जयकारे के साथ शौर्य का प्रदर्शन कर रहे थे। हर ओर महावीरी ध्वज ही लहरा रहे थे। रामभक्तों का यह जोश और उत्साह सालों बाद सड़कों पर फिर देखने को मिला। पारंपरिक अस्त्र शस्त्र के प्रदर्शन के साथ लाठियों का अद्भुत खेल दिखाते युवा खिलाड़ियों के जुनून को हिंदू संगठन के कार्यकर्ता उत्साह बढ़ा रहे थे। सुबह से ही हे बजरंगबली, दुखियों का दुखड़ा दूर करो, संकट मोचन कहलाओ तुम, जैसे भजन और डंके की आवाज ने राम भक्तों की नींद तोड़ा। दिन में लाठियों के साथ पारंपरिक अस्त्र शस्त्रों के साथ खिलाड़ी अपना शक्ति प्रदर्शन दिखाने सड़क पर निकले। हर एक राम भक्त भगवान राम की भक्ति में डूबा दिखा। कोडरमा, झुमरीतिलैया, सतगावां, मरकच्चो, चंदवारा, जयनगर और डोमचांच सहित अन्य जगहों पर शौर्य पराक्रम का प्रदर्शन भी हुआ। इस दौरान सुरक्षा को लेकर कोडरमा में एसडीओ रिया सिंह, एसड़ीपीओ अनिल कुमार, डीएसपी स्वयं पेट्रोलिंग करते दिखे। कोडरमा में थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ तैनात थे। अलग-अलग इलाके से करीब 30 से अधिक अखाड़ा समितियों के नेतृत्व में खिलाड़ियों की भीड़ लाठी और अस्त्र शस्त्र लिए कई चौक चौराहे में जुटे।
कोडरमा में महारामनवमी पर सुंदर झांकियों को निकाला गया। इस दौरान अखाड़ा समितियों के लोगों ने परंपरा हथियार और लाठियों के साथ शानदार खेल का भी प्रदर्शन किया। कोडरमा में इंदरवा परिसर से शुरू होकर जलवाबाद, नगरखारा आदि जगहों से लोग पहुंचे, जो देर रात तक आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। वहीं डोमचांच में इस दौरान विभिन्न स्थानों से निकाले गए आकर्षक झांकी लोगों को बरबस कई युगों की यादें ताजा कर दी। जिसमें भगवान राम के विभिन्न अवतारों, राम सीता विवाह कई मनमोहक झांकी आकर्षक रूप से सजाया गया था। लोचनपुर की झांकी में सम्भाजी और सड़क सुरक्षा के संदेश को लेगों ने खूब सराहा।
विधायक डॉ नीरा यादव भी हुईं शामिल
कोडरमा में तिरंगा चौक से निकाले गए जुलूस में विधायक डॉ नीरा यादव भी शामिल हुईं। उनके साथ विजय यादव, जय प्रकाश राम, रमेश यादव, संजीव समीर, महेंद्र प्रसाद यादव, राजेश सिंह, पंकज सिंह, बसन्त राणा, नवीन सिंह, संतोष सिंह, अरुण राणा, आशीष डे समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे।

रामनवमी जुलूस के दौरान जिला प्रशासन की ओर से चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था पूरे जिले में देखने को मिला। जलवाबाद में जुलूस के आगे एसडीओ,एसडीपीओ और कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ पैदल चलते नज़र आए।