खूंटी। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर बुधवार को वन प्रमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार यादव की अध्यक्षता में एनकॉर्ड (नार्काे कॉ आर्डिनेशन सेंटर) की बैठक हुई। बैठक में मादक पदार्थों के नियंत्रण के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस विभाग और एनकॉर्ड से संबंधित अधिकारियों द्वारा अफीम की खेती के मामले में की गई एफआइआर और अन्य कार्रवाई की जानकारी ली गई। प्रस्तुत प्रतिवेदनों के सभी बिंदुओं की वन प्रमंडल पदाधिकारी ने समीक्षा की। वन प्रमंडल पदाधिकारी ने जिले में विशेष अभियान चलाते हुए अफीम की खेती को नष्ट करने का निर्देश दिया। आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त ट्रैक्टर, पुलिस के जवान, चौकीदार और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिले की सीमाओं एवं विद्यालयों के आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी और कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया।
बैठक में वैकल्पिक कृषि को बढ़ावा देने को लेकर सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे लोगों को जागरूक करें। साथ ही 27 फरवरी को विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर आमजनों से वैकल्पिक खेती के लिए सुझाव लेने का निर्देश दिया गया। वन प्रमंडल पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अफीम विनष्टीकरण को लेकर छापामारी अभियान चलाया जाए।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, एसडीपीओ, डीएसपी, सिविल सर्जन, एनकॉर्ड के सदस्य, कार्यपालक दंडाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, सभी अंचल अधिकारी आदि उपस्थित थे।