रांची: रांची में खुलेआम राइफल ले कर घूम रहे व्यक्ति ने एक कुत्ते को गोली मार दी। कुत्ते की मौके पर मौत हो गई। इस घटना से संबंधित एक वीडियो सामने आया है।वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन व्यक्ति एक साथ जा रहे हैं, जिसमें एक व्यक्ति के हाथ में रायफल है। कुछ दूर चलने के बाद उसने सड़क किनारे कुत्ता देखा और निशाना लगाकर कुत्ते के ऊपर गोली चला दी। गोली लगते ही कुत्ते की मौके पर मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार टाटीसिलवे इलाके में सड़क पर रहने वाला एक कुत्ता पागल हो गया था और हाल ही के दिनों में उसने कई लोगों को काट लिया था। कुत्ते के द्वारा लगातार लोगों के काटने से परेशान एक व्यक्ति ने अपने लाइसेंसी हथियार से उसे गोली मार दी, जिससे कुत्ते की मौत हो गई।
क्या कहा ग्रामीण एसपी ने
रांची के ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि एक कुत्ते को गोली मारने की सूचना मिली है, उससे संबंधित वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध करवाया गया है। जिसके आधार पर थाना प्रभारी को मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है। इस मामले में टाटीसिलवे थाना प्रभारी रंजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि आरोपी की पहचान हो गई है।
क्या है कानून
भारतीय कानून में कुत्ते की हत्या या उसे नुकसान पहुंचाने पर सजा का भी प्रावधान है जिसमें 2 साल तक सजा या जुर्माना या फिर दोनों ही हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।