Jharkhand: झारखंड कांग्रेस की नेता और गोड्डा से पूर्व प्रत्याशी दीपिका पांडे सिंह ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के हालिया बयान पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दुबे का सुप्रीम कोर्ट और माननीय जज के खिलाफ दिया गया बयान न केवल असंवैधानिक है, बल्कि भारतीय लोकतंत्र और न्याय प्रणाली पर सीधा हमला है।
दीपिका सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से बयान जारी कर कहा:
“गोड्डा की जनता तो निशिकांत दुबे को अच्छी तरह जानती है — सत्ता के नशे में चूर, अहंकार में डूबे हुए। लेकिन अब जो ज़हर उन्होंने देश की सर्वोच्च अदालत और माननीय जज के खिलाफ उगला है, उसने पूरी दुनिया के सामने बीजेपी की असली सोच और तानाशाही मानसिकता को उजागर कर दिया है।“
उन्होंने सवाल उठाया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले जब भाजपा के पक्ष में आते हैं तो उसकी तारीफ की जाती है, लेकिन जब वही न्यायपालिका आम जनता और संविधान की रक्षा में खड़ी होती है, तो उसे धमकाया जाता है। ‘गृहयुद्ध’ जैसे शब्द का प्रयोग कर अदालत को चुनौती देना न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह सरकार द्वारा न्यायपालिका को भी नियंत्रित करने की एक खतरनाक साजिश है।
दीपिका सिंह ने यह भी पूछा कि क्या यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनुमति से दिया गया है? क्या यह बीजेपी की आधिकारिक सोच को दर्शाता है?
उन्होंने प्रधानमंत्री से तत्काल इस मुद्दे पर सफाई देने की मांग की।
“हमारी न्यायपालिका देश की आत्मा है। अगर कोई सांसद उस पर हमला करता है, तो यह हमला पूरे देश पर होता है।”– दीपिका पांडे सिंह
उन्होंने निशिकांत दुबे के खिलाफ संविधान और लोकतंत्र के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अब यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।