कोडरमा। पूर्व मध्य रेल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में माल ढुलाई और राजस्व में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस वर्ष पूर्व मध्य रेल ने 200. 32 मिलियन टन माल ढुलाई कर भारतीय रेलवे के शीर्ष चार क्षेत्रीय रेलों में अपनी जगह बनायी है।
कोडरमा के रास्ते एनटीपीसी बिहार और देश के विभिन्न राज्यों तक कोयले की निर्बाध आपूर्ति से यह उपलब्धि और भी खास हो गया है। वहीं कुल प्रारंभिक आय 31,303 करोड़ रुपये रही, जो अब तक का सबसे अधिक है। पूर्व मध्य रेल ने माल ढुलाई के जरिये 26,106 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है, जिससे यह भारतीय रेलवे में दूसरा सर्वाधिक राजस्व अर्जित करने वाला क्षेत्रीय रेल बन गया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में धनबाद रेल मंडल का सबसे बड़ा योगदान रहा।
इस मंडल ने अकेले 191. 96 मिलियन टन माललदान कर रेलवे को 25,177. 82 करोड़ रुपये की आय दिलायी। यह आंकड़ा पिछले वित्त वर्ष 2023-24 के 187.07 मिलियन टन माल लदान से 4. 89 प्रतिशत अधिक है, जबकि राजस्व में भी 1. 31 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है। वहीं वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मो. इकबाल ने बताया कि यह सफलता पूरी टीम की मेहनत और रेलवे के उत्तम प्रबंधन का नतीजा है। हम आने वाले वर्षों में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।