रांची: झारखंड की राजधानी रांची एक ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है। भारतीय वायुसेना का पहला एयर शो 19 और 20 अप्रैल 2025 को नामकुम स्थित खोजा टोली आर्मी मैदान में आयोजित किया जा रहा है। यह शो झारखंड के नागरिकों के लिए एक रोमांचकारी अनुभव होगा, जिसे लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
उपायुक्त के निर्देश पर पूरी प्रशासनिक मशीनरी एक्टिव
उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के नेतृत्व में जिला प्रशासन इस भव्य आयोजन की तैयारियों में पूरी तरह जुटा हुआ है। कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची उत्कर्ष कुमार ने वरीय अधिकारियों और कार्यक्रम से जुड़े सभी कर्मियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया।
शो का समय और व्यवस्था
एयर शो दोनों दिन यानी 19 और 20 अप्रैल को सुबह 9:45 बजे से 10:45 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों को सुबह 08:30 बजे तक अपने निर्धारित स्थान पर पहुँचना होगा। कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
स्कूली बच्चों के लिए खास आमंत्रण
19 अप्रैल को रांची के विभिन्न स्कूलों के छात्रों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है ताकि वे भारतीय वायुसेना के शौर्य और तकनीकी कौशल को नजदीक से देख सकें और भविष्य में राष्ट्रसेवा की प्रेरणा ले सकें।
सुरक्षा और सुविधाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था
जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सभी जरूरी इंतजाम जैसे—बैठक व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, साइनेज, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, बम निरोधक दस्ता और बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था की जा रही है। साथ ही शो के सुचारू संचालन के लिए दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।
सूर्यकिरण टीम करेगी हवाई करतब
इस ऐतिहासिक शो में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम अपने अद्भुत हवाई करतबों से आसमान में रोमांच का जादू बिखेरेगी, जिसे देखने के लिए हजारों लोगों के आने की संभावना है।
इस आयोजन के माध्यम से रांची के नागरिकों को न केवल देश की वायुसेना की ताकत को देखने का मौका मिलेगा, बल्कि युवाओं के मन में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना भी जागृत होगी।