रांची। डीजीपी अजय कुमार सिंह के निर्देश पर कुख्यात अपराधी अमन श्रीवास्तव को पकड़ने वाले महाराष्ट्र एटीएस टीम को गुरुवार को एडीजी अभियान संजय आनंदराव लाठकर ने प्रशस्ति पत्र और दो लाख रुपये देकर सम्मानित किया। इस दौरान महाराष्ट्र एटीएस डीजी सदानंद दाते और स्पेशल पुलिस महानिरीक्षक एटीएस अनिल कुम्भारे की उपस्थिति में महाराष्ट्र एटीएस के सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड के एडीजी अभियान संजय आनंदराव लाठकर की ओर से अभियान में शामिल पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों को झारखंड डीजीपी ने प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार दिया गया।
एटीएस डीजी एवं अन्य पदाधिकारियों को झारखंड एटीएस का स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया गया। बताया गया कि महाराष्ट्र एटीएस के सहयोग से झारखंड एटीएस ने पिछले कई वर्षों से आतंक का पर्याय रहा गैंगस्टर अमन श्रीवास्तव को 15 मई 2023 को मुंबई के वाशी से गिरफ्तार किया गया था। अमन श्रीवास्तव 27 जघन्य आपराधिक कांडों में वाछित था और वो वर्ष 2015 से फरार चल रहा था। अमन श्रीवास्तव की गिरफ्तारी में महाराष्ट्र के डीजी सदानंद दाते के निर्देशन में एसपी शीला दिनकर साइल और वरीय पुलिस निरीक्षक आधिकराव पोल एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।