रांची। झारखंड राज्य आउटसोर्सिंग विज्ञान लैब फैसिलिटेटर संघ के बैनर तले शिक्षा विभाग के कर्मियों ने देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय का घेराव किया।
कर्मियों ने लगभग पांच घंटों तक शिक्षा परियोजना परिषद के कार्यालय गेट को जाम कर दिया और सभी कर्मियों को बंधक बना लिया। घेराव कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों के सरकारी विद्यालय, 80 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट स्कूलाें के कर्मी, आदर्श और मॉडल विद्यालयों में कार्यरत सफाई कर्मी, माली, सुरक्षा प्रहरी, लैब फैसिलिटेटर सहित अन्य कर्मी शामिल हुए। मौके पर संघ के देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि एक वर्ष पूर्व सभी कर्मियों की पेमेंट स्लिप, साप्ताहिक छुट्टी, सम्पूर्ण पीएफ और ईएसआई देने का लिखित आश्वासन विभाग की ओर से मिला था, लेकिन अभी तक एक भी मांग पूरा नहीं किया गया। उन्हाेंने कहा कि नियमानुसार 12 प्रतिशत पीएफ मिलना चाहिए, जाे नहीं मिल रहा है। सुरक्षा प्रहरी को पूर्व में 1739 रुपए मिलता था जो अब घटाकर 759 रुपये कर दिया गया।
वहीं सुरक्षा प्रहरी की साप्ताहिक छुट्टी, मेडिकल छुट्टी, मातृत्व अवकाश नहीं दिया जा रहा है जो श्रम कानून का उलंघन है। देवेन्द्र नाथ महतो ने जेईपीसी के अधिकारियों पर आक्रोश जताते हुए कहा कि यहां के अधिकारी खुद को नवाब समझकर झारखंडियों का शोषण कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि कर्मियों की मांगों को तत्काल पूरा किया जाय अन्यथा कर्मी आगे उग्र आंदोलन करेंगे।