रांची। झारखंड राजभवन के उद्यान में आम नागरिकों के भ्रमण के दूसरे दिन शुक्रवार को 4,032 लोगों ने दौरा किया। सुबह से ही बच्चे, बुजुर्ग, युवक-युवतियां और महिलाएं उद्यान का आनंद लेते नजर आए।
राजभवन से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को 2,070 लोगों ने उद्यान भ्रमण किया था, जबकि शुक्रवार को यह संख्या बढ़कर 4,032 पहुंच गई।
उल्लेखनीय है कि राजभवन आम नागरिकों के भ्रमण के लिए छह फरवरी से 12 फरवरी तक खोला गया है। उद्यान भ्रमण का समय पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक है। उद्यान में प्रवेश राज भवन के गेट न. 2 से जांच के बाद एक बजे अपराह्न तक दिया जायेगा।
राजभवन उद्यान में म्यूजिकल फांउटेन बन रहा है, लोगों का आकर्षण का केंद्र
लोगों ने रोज डे पर गुलाबों के साथ खूब फोटो और रील बनवाते नजर आए। गुलाबों मे देशी-विदशी दो किस्में लोगों को खूब पसंद आ रहें हैं। लोगों ने उद्यान के कई गार्डेनों का भी दीदार किया। जिनमें मूर्ति गार्डन में लगी मूर्तियां लोगों को खूब पसंद आ रहीं लोग वहां, लिखी गई जानकारी को भी काफी रूचि के साथ पढ़ते नजर आ रहें हैं। लोग अशोक उद्यान,फूलो-झानो,औषधि गार्डेन में मौजूद पेड़-पौधों के बारे में भी जाना। उद्यान में कुल आठ फांउटेन लगाए गए हैं। जिसमें से उद्यान में मौजूद म्यूजिकल फांउटेन लोगों को काफी आकर्षित कर रहा हैं। अलग-अलग गानों पर बदलते पानी का पैटर्न आम जनों को काफी पसंद आ रहें लोग इसे अपने कैमरे में भी कैद कर रहें हैं।

इन फूलों के बीच उद्यान में कुछ औषधीय बागान भी हैं। इस बगान में कुल 40 तरह के औषधीय पेड़ लगे हुए हैं। जिनमें एलोवेरा,भृंगराज,अश्वगंधा,लेमनग्रास,सतवार आदि हैं। धार्मिक में तुलसी के भी कई वेराइटी मौजूद हैं। वहीं,इसमें रूद्रराक्ष,अर्जुन,कल्पतरू,सिंदूर आदि पेड़ मौजूद हैं।
इस दौरान राजभवन उद्यान प्रभारी रबुल अंसारी ने बताया कि हर साल हमारे उद्यान की खासियत गुलाब के फुल होते हैं, लेकिन इस बार जैसी बहार गुलाबों में है, वैसी पहले कभी नहीं देखी गई। करीब 30 वेराइटी के 30 हजार से ज्यादा गुलाब इस बार खिले हैं। जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
200 साल पुराने पेड़
उन्होंने बताया कि राजभवन में कई पेड़ ऐसे हैं जो 200 साल पुराने हैं। उन्होंने बताया कि अशोक सुखवा एवं सेमल का पेड़ 200 साल पुराने हैं। इसके साथ ही लकड़ी का पुल और उसके नीचे कमल, विशाल फव्वारा, बच्चों के लिए कई प्रकार के झूले के साथ पेड़ों पर ट्राइबल पेंटिंग इस बार खास है।
वहीं दूसरी ओर सहायक उद्यान प्रभारी नीलेश रासकर ने बताया कि देश विदेश के हजारों सीजन फूल लगाए गए हैं। इनमें डहेलिया, लुपिंस, स्वर्ण पॉपी, चेरी गोल्ड, गेंदा, सपनेरिया, एवरलास्टिंग, स्वीट एलिसम, बरबिना, स्टॉक, पिटुनिया, कैलेंडुला, डेंथस, एमपिसन, भरबीना, मैजिक कार्पेट, डॉग फ्लावर, सिनेरिया, पेंटस, सालविया, प्लोक्स, गजेनिया, एंटरहिनम शामिल है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
वहीं दूसरी ओर राजभवन के अंदर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। मजिस्ट्रेट के साथ लगभग 100 जवानों की तैनाती की गई है। मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही लोगों को राजभवन के अंदर जाने दिया जा रहा था। उल्लेखनीय है कि राजभवन आम नागरिकों के भ्रमण के लिए छह फरवरी से 12 फरवरी तक खोला गया है। उद्यान भ्रमण का समय पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक है। उद्यान में प्रवेश राज भवन के गेट न. 2 से जांच के बाद एक बजे अपराह्न तक दिया जायेगा। राज्यपाल के निर्देश पर राज भवन उद्यान आम नागरिकों के भ्रमण और परिदर्शन के लिए खोला गया है।