न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में महिलाओं की स्थिति पर आहूत 69वें सत्र में हिस्सा लेने पहुंचीं भारत की केंद्रीय महिला एवं बाल विकासमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने यूएन वूमन की कार्यकारी निदेशक सिमा बहौस के साथ द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लिया। सिमा बहौस ने भारत की डिजिटल क्रांति, शून्य हिंसा, समान निर्णय लेने की शक्ति, शांति और सुरक्षा के अलावा किशोरियों और युवाओं को महिला नेतृत्व वाले विकास के केंद्र में रखने की दिशा में भारत के प्रयासों की सराहना की।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने साझा की जानकारी
केंद्रीय महिला एवं बाल विकासमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने यह जानकारी फोटो के साथ अपने एक्स हैंडल पर साझा की। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में महिलाओं की स्थिति हो रहे 69वें सत्र में अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भारत लैंगिक डिजिटल बंटवारे को पाटने के लिए डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे का उपयोग करने के अपने अनुभव को दुनिया के साथ साझा करना चाहता है। भारत महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के साथ आगे बढ़ रहा है।

भारत महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के साथ बढ़ रहा आगे
उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसे देश का निर्माण कर रहा है जहां महिलाएं अवधारणा से लेकर डिजाइन, कार्यान्वयन और निगरानी तक में भाग लेकर सक्रिय आर्किटेक्ट के रूप में नेतृत्व करती हैं। उल्लेखनीय है कि 10 मार्च से शुरू संयुक्त राष्ट्र आयोग का 69वां सत्र 21 मार्च तक चलेगा। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भारत दुनिया के साथ अपने अनुभव को साझा करने में प्रसन्न है।