–ग्राम पंचायत, जिला परिषद् क्षेत्र का दौरा कर फंड, फंक्शन और तकनीक का लेंगे जानकारी
कोडरमा। झारखण्ड के पंचायती राज व्यवस्था का कमान संभाल रहे, जिला परिषद् अध्यक्ष केरल के पंचायती राज व्यवस्था का शैक्षणिक भ्रमण कर जानकारी ग्रहण करेंगे। केरल में तीन दिवसीय आवासीय शैक्षणिक भ्रमण के लिए झारखण्ड के 17 जिला के जिला परिषद् अध्यक्ष केरल के लिए रवाना हो गए हैं।
कोडरमा से जिला परिषद् अध्यक्ष रामधन यादव भी भ्रमण टीम में शामिल हैं। उन्होंने जानकारी दी है कि पंचायती राज व्यवस्था का केरल माॅडल है। केरल में पंचायती राज व्यवस्था काफी बेहतर है और वहां के जनप्रतिनिधियों को योजनाओं का क्रियान्वयन से लेकर योजना निर्माण और फंड का इस्तेमाल में तकनीकी और भौतिक रूप से कोई कठिनाई नही होती है। श्री यादव ने बताया कि केरल इंस्टीट्यूट आॅफ लोकल एडमिनिस्ट्रेशन के जरिये तीन दिनों तक शैक्षणिक भ्रमण किया जाएगा।
वहीं उन्होंने बताया कि झारखण्ड के जनप्रतिनिधियों केरल के एक ग्राम पंचायत और जिला परिषद् का दौरा भी करेंगे। इसमें जिला परिषद् अंतर्गत फंड, फंक्शन और फंक्शनरीज के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। इस शैक्षणिक भ्रमण से झारखण्ड के पंचायती राज व्यवस्था के जिले में कमान संभाल रहे जिला परिषद् अध्यक्ष तकनीकी रूप से केरल माॅडल का लाभ अपने इलाके में भी पहुंचा पाएंगे। वहीं उन्होंने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण में झारखण्ड के 17 जिला परिषद् अध्यक्ष में रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदग्गा, बोकारो, रामगढ़, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, दक्षिण सिंघभूम, सरायकेला, खरसावां, लातेहार, गढ़वा, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़ के जिला परिषद् अध्यक्ष शामिल हैं।