रांची। झारखंड विधानसभा बजट सत्र के 12 वें दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही 11 बजकर 06 मिनट पर शुरू हुई। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह की घटना और विधि व्यवस्था के सवाल पर बहस करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि होली के समय पर एक पक्ष के लोग पर्व त्योहार मना रहे थे। उनके हाथ में किसी प्रकार के हथियार नहीं थे लेकिन दूसरे पक्ष ने बोतल बम, तलवार ,लाठी-डंडे से हमला किया। इसमें कई लोग घायल हुए हैं। कई दुकानों को आग लगा दिया गया है। इस मामले में सदन में बहस होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मामले में कुल 80 लोगों को आरोपित बनाया गया है जिसमें 40-40 दोनों समुदाय के लोग हैं। मामले में 22 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इनमें भी 11-11 दोनों पक्षों से गिरफ्तारी की गई है।
वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि ऐसे मामले में पक्ष और विपक्ष संवेदनशील होते हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन गृह विभाग के अनुदान मांग पर चर्चा होगी, उस दिन इस मसले पर भी चर्चा की जायेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना को लेकर राजनीति करना उचित नहीं है।
घटना को लेकर भाजपा विधायकों ने जोरदार हंगामा किया।