रांची। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि संविधान के तहत मिले मौलिक और धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकारों को कुचलने का प्रयास असम की सरकार कर रही है। ठाकुर असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले पर हुए हमले और राहुल गांधी को शंकरदेव मंदिर में नहीं जाने देने के विरोध में रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में सोमवार को आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
ठाकुर ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमला करने और राहुल गांधी को श्री शंकरदेव मंदिर जाने से रोके जाने से साबित हो गया है कि गोड्से की विचार धारा से ओत-प्रोत लोग जनता और कांग्रेस से डर रहे हैं। इसी घबराहट में इस तरह का असंवैधानिक कदम भाजपा सरकार की ओर से उठाया जा रहा है। असम में भाजपा ने हमला किया और ऐसे हमलों के जरिये भगवान राम को भी बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। हम संवैधानिक दायरे में भारत की जनता के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं और गोड्से के विचारधारा के लोग लगातार असंवैधानिक कृत्य कर देश में अराजक माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
ठाकुर ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा से घबराकर भाजपा सरकार शांतिपूर्वक चल रहे यात्रा को बाधित करना चाहती है, ताकि यात्रा से दबे-कुचले, सामाजिक, आर्थिक एवं रोजगार के मुद्दे पर उनकी पोल न खुल जाये।
विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से प्रदीप तुलस्यान, केशव महतो कमलेश, रविन्द्र सिंह, संजय लाल पासवान, अमुल्य नीरज खलखो, राकेश सिन्हा, अजय नाथ शाहदेव सहित अन्य शामिल थे।