खूंटी। रनिया थाना क्षेत्र में पांच नाबालिग लड़कियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना का त्वरित उदभेदन कर इसमें शामिल सभी आरोपितों को 12 घंटे के अंदर निरुद्ध करने में शामिल पुलिस पदाधिकारियों को एसपी अमन कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया।
प्रशास्ति पत्र पानेवालों में तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एएसपी क्रिस्तोफर केरकेट्टा, तोरपा सर्किल के पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, रनिया के थाना प्रभारी विकास कुमार जयसवाल, सब इंस्पेक्टर अमरजीत सिंकू और टीनू कुमार शामिल है। इसके अलावा महिला सब इंस्पेक्टर निशा कुमारी व फूलमनी टोप्पो को भी एसपी द्वारा रिवार्ड दिया गया।
क्या है मामला
रनिया थाना क्षेत्र में 21 फरवरी की रात को पांच नाबालिग लड़कियों के साथ घटना घटी थी। तीन नाबालिग लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। घटना को अंजाम देनेवाले भी सभी नाबालिग हैं। घटना की सूचना रनिया पुलिस को मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के अंदर घटना में शामिल सभी लड़कों को निरुद्ध कर ससमय कानूनी कार्रवाई की गयी। इसी मामले के उदभेदन में शामिल पुलिस पदाधिकारियों को एसपी कार्यालय में प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
विधानसभा में भी उठा था मामला
गैंग रेप की इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया था। यह मामला विधानसभा में भी उठा था। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने यह मामला विधानसभा में उठाया था। घटना को बाल संरक्षण आयोग की टीम ने भी संज्ञान में लिया था। राज्य बाल संरक्षण आयोग की टीम ने गांव का दौरा कर पीड़ित लड़कियों से मुलाकात की थी।