गढ़वा।गढ़वा जिले के चिनियां थाना क्षेत्र के सिगसिगा खुर्द निवासी बरवाडीह पंचायत समिति सदस्य पति योगेंद्र प्रसाद पर गोली चलाने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से एक देशी कट्टा, 315 बोर का एक जिंदा गोली, घटना में प्रयुक्त सफेद रंग का अपाची बाईक, दो मोबाईल आदि बरामद किया गया है।
गिरफ्तार अपराधियों में गढ़वा जिले के मझिआंव थाना अंतर्गत करूई निवासी अमित कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह एवं पलामू जिला अंतर्गत पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के गोंगो गांव निवासी नितेश कुमार सिंह उर्फ नीतू सिंह शामिल हैं।
एसपी दीपक कुमार पांडेय ने गुरुवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। एसपी ने बताया कि गत सात मार्च को सिगसिगा खुर्द निवासी योगेंद्र प्रसाद पर तहले घाटी में फायरिंग की गयी थी। इस घटना में योगेंद्र घायल हो गये थे। योगेंद्र की प्राथमिकी के आधार पर रंका एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के क्रम दोनों अपराधियों को चिनियां थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांव से गिरफ्तार किया गया। उनकी स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार एसपी ने बताया कि योगेंद्र प्रसाद के गांव के ही मंदीप यादव से पंचायत के मनरेगा योजना की ठेकेदारी को लेकर विवाद चल रहा था। मंदीप और नितेश सिंह ने मनरेगा योजना के ठेकेदारी के लिये प्रखंड से काफी योजना पंचायत के लिए स्वीकृत करायी थी।
इसका विरोध करने पर कई योजना खारिज हो गयी थी। इसी बात को लेकर कुछ दिन पहले मंदीप यादव और योगेंद्र के बीच मारपीट की घटना हुई थी। 2024 में ही दोनों तरफ से चिनियां थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में मंदीप जेल में है। जेल जाने से पहले मंदीप योगेंद्र को रास्ते से हटाने के लिये अमित कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह और नितेश सिंह के साथ रांची के पुन्दाग स्थित अपने मकान में षड्यंत्र रचा था।
अमित कुमार सिंह और नितेश सिंह के बीच दोस्ती थी। घटना के दिन अमित और नितेश एक अपाची बाइक से पेशका होते हुये चफला पहुंचे। इस रास्ते से योगेंद्र आता जाता था, वहां खड़ा होकर इंतजार करने लगे। जैसे ही योगेंद्र बाइक से तहले घाटी के पास पहुंचा, दोनों ने पीछा कर योगेंद्र पर गोली चला दी। योगेंद्र ने वहां से किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई।
एसपी ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि अमित पर पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं।
प्रेस वार्ता में एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह, पुलिस निरीक्षक सुभाष कुमार पासवान, अमित कुमार, नवीन कुमार राणा, राधेश्याम राम आदि लोग शामिल थे।