–हेल्थ विभाग में 10 हजार नियुक्तियां शीघ्र : मंत्री
–अनुदान मांग पारित, स्वास्थ्य मंत्री के भाषण के दौरान विपक्ष का वॉक आउट
खबर मन्त्र ब्यूरो
रांची। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने बजट सत्र में गुरुवार को भोजनावकाश के बाद स्वास्थ्य विभाग के बजट पर चल रहे वाद-विवाद के बाद राज्य के लोगों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। स्वास्थ्य विभाग में जल्द ही सरकार 10 हजार नियुक्तियां करेगी। सरकार राज्य में स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई नये काम करेगी। जनता को 300 बाइक एम्बुलेंस मिलेगी। सभी अस्पतालों में आंख की जांच होगी। दुमका, कोडरमा, चाईबासा में नर्सिंग कॉलेज खोला जायेगा। सहिया बहनों के लिए 42 हजार टैब एक महीने के अंदर दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि राज्य में मेडिकल टूरिज्म को विकसित किया जाएगा। इसके लिए 85 एकड़ में मेडिको सिटी बनेगी। इसके बाद सदन में स्वास्थ्य विभाग का 74 अरब 70 करोड़ 50 लाख, 86 हजार का अनुदान मांग ध्वनिमत से पारित हो गया। विभाग के बजट पर कटौती का प्रस्ताव भाजपा के विधायक मनोज कुमार यादव ने रखा था, लेकिन स्पीकर रबींद्र नाथ महतो ने उसे अस्वीकृत कर दिया। इस दौरान भाजपा ने सदन से वाकआउट किया।
झारखंड के लोगों को मुफ्त दवा मिलेगी : स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड के लोगों को मुफ्त दवा मिलेगी। 10 रुपये में मलेरिया, क्रिटनीन और ईसीजी जैसे टेस्ट होंगे। गर्भवती महिलाओं का मुफ्त अल्ट्रासाउंड होगा। झारखंड में एआई टेक्नोलॉजी स्वास्थ्य विभाग अपनायेगा। रोबोटिक सर्जरी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल आपरेशन में होगा। 25 हेल्थ कॉटेज राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में बनेगा। सुदूरवर्ती ट्राइबल क्षेत्र में खुलेगा हेल्थ कॉटेज। अगले दो वर्ष 1258 नये स्वास्थ्य उपकेंद्र खोले जायेंंगे। सरकारी डॉक्टरों की इच्छानुसार पोस्टिंग होगी। मेडिको सिटी का निर्माण रांची में होगा। इससे मेडिकल टूरिज्म को लाभ मिलेगा।
चंपई ने झामुमो को धोखा दिया——–
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चंपई सोरेन ने झामुमो को धोखा दिया। पीठ पर वार किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी, स्मृति ईरानी का सर्टिफिके ट सार्वजनिक किया जाना चाहिए। इसके पहले भाजपा के मनोज यादव ने कहा कि इरफान अंसारी विदेश से डॉक्टरी पढ़ कर आये हैं। उन्हें यहां असली डॉक्टर होने का सबूत देना चाहिए। इस पर श्री अंसारी ने कहा- मैं एमबीबीएस की डिग्री लेकर आया हूं। उस डिग्री को एमसीआइ क्लीयरेंस देती है। मैं इसे सार्वजनिक कर सकता हूं। लेकिन पीएम मोदी, निशिकांत दूबे और स्मृति इरानी का सर्टिफिकेट भी सार्वजिक किया जाये। इसके बाद भाजपा विधायकों ने इस पर एतराज जताया और सदन से वॉक आउट किया।
हेमंत झारखंड के राम हैं, हनुमान हमेशा साथ रहेगा
सदन में चर्चा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड के राम हैं। वह अंदर से बिल्कुल साफ हैं। हेमंत सोरेन शाहरुख खान की तरह चमकते हैं। इरफान अंसारी ने कहा कि राम को हनुमान से जुदा करने का प्रयास किया। हनुमान कभी राम से जुदा नहीं हो सकता है। एक समय मैं राजनीतिक चक्रव्यूह में फंस गया था। मुझ पर घिनौने आरोप लगे। मैं नौ-छह नहीं जानता। उस जगह पर दुबारा वापस आया। सीएम ने अपने हुनुमान पर भरोसा किया। मेरे तीसरी बार विधायक बनने का श्रेय कल्पना भाभी को जाता है। चुनाव के दौरान हमारे खिलाफ घिनौने आरोप लगाये गये। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश असम के लोग 10-10 हेलीकॉप्टर उड़ाये, पर पब्लिक जुट नहीं पायी।
6500 करोड़ से रिम्स का पुनरुद्धार होगा
इरफान अंसारी ने कहा कि 6500 करोड़ से रिम्स का रिडेवलपमेंट होगा। 2200 बेड की क्षमता को बढ़ाकर 3500 किया जायेगा। 5000 क्षमता का ओपीडी हॉल बनेगा। यूजी और पीजी स्टूडेंट्स के लिए हॉस्टल बनेगा। डॉक्टरों के लिए फ्लैट बनाया जायेगा। इसके पहले नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सूचना के तहत पूछा कि डाकिया योजना के तहत लिप्तीपाड़ा में 2023 से पहाड़िया जनजाति को राशन नहीं मिला है। इसके पीछे क्या कारण है और दोषी अधिकारियों पर कारवाई करने की आवश्यकता है। विधायक प्रदीप यादव ने ब्लड बैंक में ब्लड की कमी पर चिंता जताई। ब्लड डोनर को 25 रुपया के स्थान पर 100 रुपया देने की मांग करते हुये ब्लड डोनर कार्ड देने की मांग की। विधायक नवीन जायवाल ने कहा कि नगड़ी प्रखंड में सीएचसी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग अनुबंधकर्मी के भरोसे चल रहा है। यह अबुआ सरकार कब तक बबुआ बनायेगी। 108 डायल कर एम्बुलेंस बुलाकर देख लीजिये, कब आता है।