रांची। राजधानी सहित झारखंड के कई जिलों में शुक्रवार को तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि बारिश के बाद मौसम साफ और काफी सुहावना हो गया। लेकिन बादल छाया रहा। बीच-बीच में धूप भी निकली। बारिश होने से रांची में तापमान लगभग 10 डिग्री गिरकर 34 से 24 डिग्री पहुंच गया। तापमान गिरने से ठंड फिर से लौट आईं और लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े। मौसम विभाग ने 22 और 23 मार्च को भी विभिन्न जिलों में बारिश, तेज हवा चलने तथा ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार 22 मार्च को राज्य दक्षिणी जिले पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां, मध्यवर्ती हिस्सा रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ, हजारीबाग और उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, धनबाद, दुमका समेत अन्य इलाकों में इससे जुड़े इलाकों में गर्जन और 40-50 किमी की गति से हवा चलने की सम्भावना है। इसे लेकर विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 23 मार्च को दक्षिण-पूर्वी उत्तर-पूर्वी हिस्सों में गर्जन और 30-40 कि गति से हवा चलने को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
गिरिडीह में सबसे ज्यादा बारिश
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि गुरुवार को गिरिडीह में सबसे अधिक 21.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रांची समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश हुई। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम भाग में बने एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण झारखंड के मौसम में बदलाव हो रहा है।चाईबासा का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री पर आ पहुंचा। छिटपुट बारिश के बाद अगले दो दिनों के दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री और गिरावट के आसार हैं।

MP में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के दक्षिण पश्चिम में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। इससे बना निम्न दबाव क्षेत्र छत्तीसगढ़ से लेकर ओडिशा के उत्तरी भाग तक कायम है। इससे झारखंड का मौसम प्रभावित है।
इसके प्रभाव से पूरे राज्य में अगले और दो दिनों के दौरान बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कहीं कहीं तेज हवा के साथ ओलावृष्टि व वज्रपात होने का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।