धनबाद। विधायक राज सिन्हा ने झारखंड विधानसभा बजट सत्र के 14 वें दिन शून्य काल के तहत धनबाद जिला सहित राज्य अंतर्गत सभी जिलों में लोकसभा चुनाव 2024 तथा विधानसभा चुनाव 2024 में शामिल विभिन्न कोषागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों को निर्वाचन कार्य का मानदेय अब तक नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव 2024 में लगाए गए सभी कर्मियों एवं पदाधिकारीयों के मानदेय का भुगतान किए जाने की मांग की।
वही अल्प- सूचित प्रश्न के तहत सरकार से वित्तीय वर्ष 2023-24 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा राज्य भर के स्वास्थ्य केंद्रो और अस्पतालों में करीब 50 करोड़ की वित्तीय अनियमितताएं होने संबंधित सवाल उठाए। श्री सिन्हा ने सरकार से इन योजना व कार्यक्रम में खर्च का हिसाब विवरणी उपलब्ध कराई जाने की मांग की।
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने झारखंड विधानसभा में कार्यस्थगन की सूचना दी। इस संबंध में कहा कि राज्य में वर्तमान महागठबंधन वाली सरकार के शासन -प्रशासन तंत्र की विफलता के कारण नशे के कारोबारियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। सदन को श्री सिन्हा ने यह भी अवगत कराया कि नशे के कारोबारी महिलाओं को इस काले कारनामों में पुलिस प्रशासन से बचने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।
झारखंड विधानसभा में तारांकित प्रश्न के तहत धनबाद में बिजली की कमी को देखते हुए वर्ष 2019 में धनबाद जिला अंतर्गत पुटकी एवं महुदा में 100 एम भी ए क्षमता के 132/33 के वी के दो विद्युत ग्रिड निर्माण 2 वर्ष पूर्व पूर्ण होने के बावजूद ग्रिड से विद्युत संचरण व आपूर्ति प्रारंभ नहीं होने का मामला जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि निर्माण के बावजूद संचरण एवं आपूर्ति शुरू नहीं होने के कारण धनबाद को बिजली की कमी झेलनी पड़ रही है।