रांची। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का फेसबुक पेज हैक हो गया है। इस खबर के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। गुरुवार की दोपहर उनके आधिकारिक पेज से अश्लील और आपत्तिजनक पोस्ट शेयर किये गये है। मंत्री के पेज पर 24,000 से अधिक फॉलोअर्स हैं और यह उनके प्रमुख संचार माध्यमों में से एक माना जाता है।

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और उनकी टीम को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत फेसबुक पेज को रिकवर करने की कोशिश शुरू कर दी, लेकिन उन्हें अपना ऐडमिन एक्सेस नहीं मिल पाया।

लालपुर साइबर थाना में दर्ज करायी शिकायत
उधर, उघटना के बाद रांची स्थित लालपुर साइबर थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है। शिकायत में कहा गया है कि 12 मार्च से एडमिन पावर भी हटा दिया गया है। इसको ओम प्रकाश रमण नाम के आईडी की ओर से संचालित किया जा रहा था।
पेज का संचालन करने वाले रांची के कोकर निवासी ओमप्रकाश रमण ने शिकायत में बताया कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और गोपाल विश्वकर्मा के पास इस पेज का एडमिन एक्सेस था। लेकिन अचानक दोनों का एक्सेस समाप्त कर दिया गया।उन्होंने साइबर पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
गुरुवार को हैकर्स द्वारा किए गए आपत्तिजनक पोस्ट को अब तक हटाया नहीं जा सका है। शाम सात बजे तक इस पोस्ट पर 130 से अधिक कमेंट्स आ चुके थे। मंत्री के समर्थक लगातार यूजर्स से इस पोस्ट को नजरअंदाज करने और रिपोर्ट करने की अपील कर रहे हैं।
यह पहली बार नहीं है जब झारखंड के किसी शीर्ष अधिकारी या नेता का सोशल मीडिया अकाउंट साइबर अपराधियों के निशाने पर आया हो।पिछले महीने ही झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया गया था।जिससे लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर ठगी की कोशिश की गई थी।